जालौन के चर्चित इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय हत्याकांड में आरोपी महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। न्यायमूर्ति समीर जैन की एकल पीठ ने मामले के गुण-दोष के आधार पर उनकी याचिका स्वीकार की। मीनाक्षी शर्मा पिछले लगभग सात महीने से न्यायिक हिरासत में जेल में बंद थीं। इस आदेश के बाद उनकी जेल से रिहाई का रास्ता साफ हो गया है।

इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय की 5 दिसंबर को कुठौन्द थाने में गोली लगने से मृत्यु हो गई थी। इस घटना ने पूरे प्रदेश में काफी सुर्खियां बटोरी थीं। अगले दिन, 6 दिसंबर को इंस्पेक्टर की पत्नी माया राय ने महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा के खिलाफ गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान 7 दिसंबर को मीनाक्षी शर्मा को गिरफ्तार कर उरई जेल भेज दिया था। मई माह तक वह उरई जिला कारागार में रहीं, लेकिन वहां विवाद के बाद उन्हें झांसी जेल स्थानांतरित कर दिया गया था। तब से मीनाक्षी झांसी कारागार में बंद हैं।
मीनाक्षी शर्मा की जमानत याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में पहली सुनवाई 4 मई 2026 को हुई थी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायमूर्ति समीर जैन की एकल पीठ ने 22 जुलाई को गुण-दोष के आधार पर जमानत मंजूर कर ली। न्यायालय के आदेश के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने पर मीनाक्षी शर्मा को झांसी जेल से रिहा किया जाएगा।
इस बहुचर्चित हत्याकांड का ट्रायल जिला एवं सत्र न्यायालय में पहले ही शुरू हो चुका है। अभियोजन और बचाव पक्ष की ओर से साक्ष्य प्रस्तुत करने और गवाहों की प्रक्रिया जारी है। हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बावजूद मुकदमे की सुनवाई नियमित रूप से जारी रहेगी। अंतिम निर्णय ट्रायल कोर्ट द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर ही किया जाएगा।
यह मामला शुरुआत से ही पुलिस महकमे और आमजन के बीच चर्चा का विषय बना रहा है। हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद एक बार फिर यह प्रकरण सुर्खियों में आ गया है। हालांकि, जमानत मिलने का अर्थ आरोपों से बरी होना नहीं है। मामले में दोषसिद्धि अथवा दोषमुक्ति का अंतिम फैसला जिला एवं सत्र न्यायालय में चल रहे विचारण के बाद ही होगा।




