लखनऊ/रायबरेली। दिल्ली से लखनऊ आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-1717 मंगलवार दोपहर लैंडिंग के पहले प्रयास में रनवे पर नहीं उतर सकी। विमान को गो-अराउंड कर दोबारा हवा में ले जाना पड़ा। इसी विमान में कांग्रेस नेता और रायबरेली सांसद राहुल गांधी भी सवार थे। पहली कोशिश के बाद विमान करीब 25 मिनट तक हवा में रहा और दूसरी कोशिश में सुरक्षित लैंडिंग हुई। विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया की फ्लाइट AI-1717 मंगलवार दोपहर करीब 2:20 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी। विमान के लखनऊ पहुंचने का निर्धारित समय करीब 3:30 बजे था। लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान एप्रोच अस्थिर होने पर पायलट ने विमान को रनवे पर उतारने के बजाय गो-अराउंड करा दिया।
बताया जा रहा है कि विमान लैंडिंग के बिल्कुल करीब पहुंच चुका था, तभी पायलट को लगा कि विमान की एप्रोच निर्धारित तरीके से नहीं हो पा रही है। इसके बाद उन्होंने लैंडिंग रोकते हुए विमान को दोबारा ऊपर ले जाने का निर्णय लिया। अचानक विमान के ऊपर उठने से यात्रियों को तेज झटका महसूस हुआ और कुछ देर के लिए विमान के अंदर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि पायलट ने स्थिति को संभालते हुए करीब 25 मिनट बाद दोबारा रनवे की ओर एप्रोच लिया और इस बार विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा दी।
फिलहाल विमान को गो-अराउंड कराने की वजह मौसम की स्थिति थी या कोई तकनीकी समस्या, इसको लेकर एअर इंडिया की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी
लखनऊ एयरपोर्ट से राहुल गांधी सड़क मार्ग से अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के लिए रवाना हुए। वह दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे हैं। मंगलवार शाम करीब छह बजे उनका काफिला रायबरेली पहुंचा। महराजगंज कस्बे में राहुल गांधी के स्वागत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जुटी। करीब एक किलोमीटर तक लोग उनके स्वागत के लिए खड़े नजर आए।
इसके बाद राहुल गांधी का काफिला गोल चौराहे पर पहुंचा, जहां भी बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे। इस दौरान व्यापारियों के साथ राहुल गांधी की बैठक की संभावना भी जताई जा रही है।
स्वागत के दौरान हुई धक्का-मुक्की
लखनऊ एयरपोर्ट पर राहुल गांधी के स्वागत के लिए भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे थे। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, नेता असीम वकार समेत कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। राहुल गांधी से मिलने के लिए लोगों में उत्साह दिखाई दिया। भीड़ के बीच कई बार धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
बताया गया कि सुरक्षा में तैनात एक जवान ने भीड़ में एक युवक को पीछे किया, जिस पर राहुल गांधी ने जवान को टोका। भीड़ अधिक होने के कारण राहुल गांधी कई बार लोगों से बचने के लिए रुककर खड़े भी हुए।
9 सितंबर को जनता दरबार और दिशा की बैठक
राहुल गांधी मंगलवार रात रायबरेली के भुएमऊ गेस्ट हाउस में रुकेंगे। बुधवार, 9 सितंबर को वह भुएमऊ गेस्ट हाउस में जनता दरबार लगाएंगे। इसके बाद सुबह करीब 11:30 बजे विकास भवन में जिला स्तरीय दिशा की बैठक में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।







