जालौन के डकोर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टीकर में शादी के करीब 8 माह बाद एक नवविवाहिता ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। विवाहिता का शव घर के अंदर दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
मंगलवार को उरई के राजकीय मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करने पहुंचे परिजनों के अनुसार 22 वर्षीय मुस्कान की शादी टीकर गांव के रहने वाले नाशिर अली पुत्र बसीर के साथ 1 नवंबर 2025 को हुई थी। विवाहिता का मायका झांसी जनपद के मोठ थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बंहरौली (अली का नाला) में है। उसके पिता शाकिर अली ने आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
सोमवार को मुस्कान का शव घर के अंदर दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर डकोर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मायके पक्ष का आरोप है कि मुस्कान की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फंदे पर लटकाया गया है, जबकि ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या का मामला बता रहा है। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है।
इस मामले में डकोर कोतवाली के प्रभारी देवेंद्र सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का प्रतीत हो रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक तथ्यों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।






