Sunday, August 16, 2026

उरई में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बीए प्रथम वर्ष के छात्र की मौत

spot_img

जालौन जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। उरई शहर में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीए प्रथम वर्ष के 18 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। छात्र अपनी बहन के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम रिनिया वैदेपुर निवासी सत्यम सिंह (18) उरई के पटेल नगर मोहल्ले में अपनी बड़ी बहन शिवानी के साथ रहकर बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। उसकी बहन बीएससी की छात्रा होने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही है। सत्यम के पिता प्रेम सिंह परिवार के भरण-पोषण के लिए गोवा में मजदूरी करते हैं।

बताया गया कि सोमवार शाम सत्यम कोंच बस स्टैंड पर सामान लेने गया था। सामान खरीदने के बाद वह अपनी बाइक से वापस पटेल नगर स्थित कमरे पर लौट रहा था। जैसे ही उसकी बाइक ठड़ेश्वरी मंदिर के सामने पहुंची, सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक ने उसकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सत्यम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, हादसे के बाद दूसरा बाइक चालक मौके से फरार हो गया।

घटना देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाने के साथ उसके मोबाइल फोन के माध्यम से परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मां आराधना और अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां बार-बार बेसुध हो गई, जिससे अस्पताल का माहौल भी गमगीन हो गया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार बाइक चालक की तलाश की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!