जालौन में सोमवार शाम को झांसी-कानपुर रेलवे ट्रैक के गेट नंबर 169 पर शराब के नशे में धुत कार सवार दबंगों का गेटमैन पर कहर देखने को मिला। जहां दबंगों ने ट्रेन निकलने के दौरान बंद हुए फाटक को जबरन खुलवाने का प्रयास किया, जब गेटमैन ने इसके लिए मना कर दिया, तो कार सवार दबंगों ने गाली गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वही इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए एट कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मामला एट कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले झांसी कानपुर रेलवे ट्रैक के एट स्टेशन के पास बने गेट नंबर 169 का है। इस गेट पर गेटमैन अभिनंदन केशरवनी ड्यूटी कर रहे थे, सोमवार शाम करीब 4 बजकर 24 मिनिट कर गाड़ी नंबर 22533 यशवंतपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस गोरखपुर से यशवंतपुर के लिए निकलने का समय हुआ था, जिस पर गेटमैन अभिनंदन केसरवानी ने कोंच एट फाटक को बंद कर दिया, तभी एट की तरफ से आ रहे कार नंबर UP 92 AM 9425 में सवार युवकों ने बंद हुए फाटक को जबरन खुलवाने के लिए गेटमैन अभिनंदन पर दबाव बनाया, जिस पर गेटमैन ने कार सवारों को यह कहा कि उरई की तरफ से ट्रेन आ रही है, ट्रेन के निकलने के बाद ही गेट को खोला जाएगा, जिस पर शराब के नशे में धुत कार सवार चारों युवकों ने गाड़ी से उतरते हुए गेटमैन के साथ गाली गलौज की, इतना ही नहीं पीली शर्ट पहने युवक ने गेटमैन को ट्रेन के आगे फेंकने की बात करते हुए उसकी कॉलर पकड़कर मारपीट की। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद एट कोतवाली पुलिस द्वारा इस मामले की जांच शुरू कर दी गई।
इस मामले में एट थाने में तैनात वरिष्ठ उपनिरीक्षक सिगदार सिंह का कहना है कि उनके पास शिकायत आई है, वीडियो की जांच की जा रही है, जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी।




