जालौन जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र में देवी दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब तेज रफ्तार ईको कार ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छह वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुरा जागीर निवासी लोकेन्द्र (26) पुत्र प्रताप, जो पूर्व प्रधान भी हैं, शुक्रवार को अपनी पत्नी पूजा (24), भीमा (35) पत्नी दशरथ तथा अपने भाई गंधर्व की छह वर्षीय पुत्री प्रज्ञा के साथ जालौन स्थित देवी माता मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मोटरसाइकिल से जा रहे थे।
बताया गया कि जैसे ही उनका वाहन नगर उमरी स्थित जिला परिषद विद्यालय के पास मोड़ पर पहुंचा, तभी उमरी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक ईको कार ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में छह वर्षीय प्रज्ञा को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लोकेन्द्र, उनकी पत्नी पूजा और भीमा गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद ईको कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक बच्ची के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। इस हृदयविदारक हादसे से मृतक बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।






