जालौन जिले के कदौरा थाना क्षेत्र में बंदरों के झुंड से बचने के प्रयास में छत से गिरकर एक 25 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। इस घटना से परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम पाली निवासी मानसी (25) पत्नी दीपू हाल ही में हमीरपुर जनपद के कुरारा में अपने फूफा के घर आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। शादी का कार्यक्रम देर रात तक चलने के कारण वह अपने मायके पाली न जाकर कदौरा कस्बे के अंबेडकर नगर निवासी अपने फूफा रामसेवक के घर रुक गई थीं।
बताया गया कि भीषण गर्मी के चलते परिवार के सभी सदस्य गुरुवार रात मकान की छत पर सो रहे थे। शुक्रवार सुबह परिवार के अन्य लोग नीचे उतर आए, जबकि मानसी छत पर ही सोती रहीं।
इसी दौरान सुबह करीब 7 बजे 10 से 15 बंदरों का एक झुंड अचानक छत पर पहुंच गया और उसके आसपास उत्पात मचाने लगा। बंदरों की आवाज और हलचल से मानसी की नींद खुल गई।
अचानक चारों ओर बंदरों का झुंड देखकर वह घबरा गईं। खुद को बचाने के प्रयास में उन्होंने संतुलन खो दिया और छत से नीचे फर्श पर गिर गईं। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी।
तेज आवाज सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मानसी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि मानसी की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व मध्य प्रदेश के दतिया जनपद के छान गांव निवासी दीपू के साथ हुई थी। हालांकि, पिछले कुछ समय से वह अपने मायके पाली में रह रही थीं।
घटना की सूचना मिलते ही कदौरा थाना प्रभारी परमेंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।






