जालौन जिले के सिरसाकलार थाना क्षेत्र के ग्राम अभेदेपुर निवासी 55 वर्षीय राजेंद्र सिंह उर्फ लल्ला की गुरुवार रात सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और उपचार के लिए झांसी गए थे। दवा लेकर बाइक से घर लौटते समय झांसी कानपुर नेशनल हाईवे 27 पर किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराने पहुंचे परिजनों के अनुसार, राजेंद्र सिंह गुरुवार को इलाज के लिए झांसी गए थे। गुरुवार की रात करीब आठ बजे वह अकेले बाइक से अपने गांव अभेदेपुर लौट रहे थे। जब वह आटा थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे पर संकट मोचन मंदिर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
राजेंद्र सिंह अपने पीछे पत्नी भगवती और तीन बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी दीपाली की शादी हो चुकी है, जबकि रोशनी और रोहिणी अभी अविवाहित हैं। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से पूरे घर में मातम पसरा हुआ है। पत्नी भगवती का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं बेटियों का भी विलाप देखकर गांव के लोगों की आंखें नम हो गईं। ग्रामीणों ने बताया कि राजेंद्र सिंह मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे तथा परिवार की जिम्मेदारियां निभाने में हमेशा आगे रहते थे।
पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन और उसके चालक की पहचान कर जल्द से जल्द कानूनी कार्रवाई की जा सके। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।






