जालौन में आगामी 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को जन आंदोलन का स्वरूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के राज्य मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने कलेक्ट्रेट परिसर से वन विभाग के प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान वन विभाग द्वारा रवाना किए गए प्रचार वाहन जनपद की सभी तहसीलों—उरई, जालौन, कालपी, कोंच और माधौगढ़ में भ्रमण कर “एक पेड़ मां के नाम” तथा “आम बहार आपके द्वार” थीम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और पौधों की सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे। प्रचार वाहनों से पर्यावरण संरक्षण से जुड़े गीत, नारे और स्लोगन प्रसारित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग 12 जुलाई को आयोजित वृहद वृक्षारोपण अभियान में भागीदारी करें। साथ ही प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील भी की जाएगी।
इसके बाद विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ वृक्षारोपण अभियान की विस्तृत समीक्षा बैठक की। उन्होंने जनपद को मिले 98 लाख 12 हजार 400 पौधारोपण के लक्ष्य को पूरी गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) तथा उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी की तैयारियों पर नाराजगी जताई और उन्हें फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में सभी अधिकारी पूरी तैयारी, तथ्यात्मक जानकारी और कार्ययोजना के साथ बैठकों में उपस्थित हों।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से चलने वाला जनआंदोलन होगा। अभियान में व्यापारी संगठन, 27 विभाग, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक, जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाएं, सामाजिक संगठन तथा आम नागरिक सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि जनपद जालौन निर्धारित 98 लाख 12 हजार 400 पौधों के लक्ष्य को पार करते हुए एक करोड़ से अधिक पौधों का रोपण करेगा। इसके लिए परिवहन विभाग के माध्यम से ट्रक चालकों, बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को भी अभियान से जोड़ा जा रहा है। वहीं स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज को निर्देश दिए गए हैं कि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जोड़कर पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाए।
प्रभारी मंत्री ने जोर देकर कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और जीवित रखना भी उतना ही आवश्यक है। इसके लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है तथा पौधों की निगरानी और देखभाल के लिए अलग कार्ययोजना तैयार की गई है, जिससे लगाए गए पौधों की अधिकतम जीवित रहने की दर सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने मीडिया से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि सभी पत्रकार अपने परिवार के साथ “एक पेड़ मां के नाम” अवश्य लगाएं और उसकी तस्वीर साझा करें, ताकि समाज में पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश पहुंचे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता और प्रशासनिक समन्वय के बल पर जालौन प्रदेश के सबसे हरित जनपदों में अपनी पहचान स्थापित करेगा और वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक अभियान साबित होगा।
इस अवसर पर माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान तथा प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।






