यूपी मेंकानपुर में गुरुवार दोपहर गंगा किनारे नत्था पुरवा गांव के पास एक ट्रेनी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक पायलट की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त विमान ट्विन इंजन ट्रेनी विमान था। बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान अचानक विमान में तेज धमाका हुआ। इसके बाद विमान अनियंत्रित होकर गंगा किनारे नत्था पुरवा गांव के पास जमीन पर जा गिरा। ऊंचाई से गिरने के कारण विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटनाग्रस्त विमान से दोनों पायलटों को बाहर निकाला गया। इनमें एक पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायल पायलट की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद सामने आए वीडियो में दुर्घटना की भयावह तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। मलबे के पास कॉकपिट क्षेत्र में एक पायलट का शव दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा पायलट विमान से कुछ दूरी पर घायल अवस्था में पड़ा नजर आ रहा है। घटनास्थल पर विमान की एक सीट भी अलग पड़ी दिखाई दी।
सोशल मीडिया पर सामने आए दृश्यों के आधार पर विमान में मौजूद पायलटों द्वारा इजेक्शन की कोशिश किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दोनों पायलटों ने वास्तव में इजेक्शन का प्रयास किया था या नहीं और दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या रही, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। विमान में धमाका किस वजह से हुआ और तकनीकी खराबी, मौसम अथवा किसी अन्य कारण से हादसा हुआ, इसकी जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की वास्तविक जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगी।






