यूपी के सुल्तानपुर जिले से निकले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बल्दीराय थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी स्लीपर बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस सवार तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के समय ज्यादातर यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक हुई जोरदार टक्कर से बस में चीख-पुकार मच गई।
हादसा गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर हुआ। बताया जा रहा है कि गुड़गांव से गोरखपुर होते हुए बिहार जा रही मां शीतला ट्रैवल्स की स्लीपर बस में करीब 80 यात्री सवार थे। सभी यात्री रक्षाबंधन के त्योहार पर अपने घर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के मुताबिक, बस चालक को पेशाब लगी तो उसने एक्सप्रेस-वे के किनारे बस को रोक दिया। इसके बाद वह नीचे उतरकर चला गया। बताया गया कि चालक ने बस का गेट बंद कर दिया था, जिसके कारण कोई यात्री नीचे नहीं उतर सका। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आया ट्रक सीधे बस में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा करीब चार से पांच फीट तक पिचक गया।
हादसे में बस की पीछे की तीन-चार सीटों पर बैठे यात्रियों को सबसे ज्यादा चोटें आईं। कई यात्री खून से लथपथ हो गए और सीटों के बीच फंस गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद सीटों के बीच फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को भी एक्सप्रेस-वे से हटाया गया।
हादसे में एक महिला समेत तीन की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान बिहार निवासी श्यामलाल मंडल, विनोद मंडल (50) और किरन देवी (60) के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस अब एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है।
यात्रियों ने चालक पर लगाए लापरवाही के आरोप
घायल यात्रियों ने बताया कि बस गुड़गांव से बुधवार शाम करीब चार बजे रवाना हुई थी। यात्रियों के मुताबिक, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर चालक कई बार बस रोककर यात्रियों को उतारने और चढ़ाने लगा था। यात्रियों ने उसे ऐसा करने से कई बार मना भी किया, लेकिन चालक ने उनकी बात नहीं मानी। गुरुवार तड़के भी उसने एक्सप्रेस-वे के किनारे बस रोक दी और बाथरूम जाने के लिए नीचे उतर गया। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस में टक्कर मार दी।
मां की मौत, बेटा घायल
हादसे में घायल यात्री सुशील मंडल ने बताया कि वह अपनी मां किरन देवी के साथ गुड़गांव से बस में सवार हुआ था। दोनों को रक्षाबंधन पर बिहार के सुपौल जाना था। सुशील के मुताबिक, उसने और उसकी मां ने बस का 2,800 रुपये का टिकट लिया था। बस में भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें पीछे की सीट मिली थी।
सुशील ने बताया कि वह हरियाणा में रहकर फैक्ट्री में मजदूरी करता है। उसकी मां अपने मामा को राखी बांधने के लिए घर जा रही थीं। दोनों दो दिन पहले ही घर के लिए निकले थे, लेकिन हादसे में मां की मौत हो गई और वह खुद घायल हो गया।
धमाके की आवाज से खुली यात्रियों की नींद
घायल यात्री आकाश कुमार ने बताया कि हादसे के समय सभी लोग बस में सो रहे थे। अचानक तेज धमाके की आवाज हुई और बस में चीख-पुकार मच गई। नींद खुली तो सिर से खून बह रहा था। किसी तरह बस से नीचे उतरा तो देखा कि पीछे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। टक्कर के बाद बस कुछ दूरी तक घिसटती चली गई थी।
बल्दीराय थाना क्षेत्र के सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुए हादसे में तीन यात्रियों की मौत हुई है, जबकि कई यात्री घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटाया गया। मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है।






