जालौन की थाना एट पुलिस और स्वाट सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात का खुलासा किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, 4,500 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त बलेनो कार बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जालौन के अपर पुलिस अधीक्षक आईपीएस डॉ. ईशान सोनी और कोंच सीओ परमेश्वर प्रसाद ने पुलिस लाइन में संयुक्त रूप से इस खुलासे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थाना एट क्षेत्र निवासी लक्ष्मी नारायण ने 10 जुलाई 2026 को थाने में तहरीर दी थी।
लक्ष्मी नारायण ने अपनी तहरीर में बताया था कि 7 जुलाई की रात जब वह अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी चार पहिया वाहन में सवार तीन-चार अज्ञात लोगों ने उनकी बाइक के आगे अपनी कार लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, फिर उनका मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और 8 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना एट में मुकदमा संख्या 93/2026, धारा 309(4) एवं 352 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह के निर्देश पर थाना एट के प्रभारी निरीक्षक शिव शंकर सिंह और उनकी टीम ने स्वाट सर्विलांस टीम के सहयोग से मामले की जांच शुरू की। शनिवार को चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक (20 वर्ष) पुत्र बाल किशन अहिरवार निवासी ग्राम रतोसा, थाना उल्दन, जनपद झांसी; विनय कुमार (22 वर्ष) पुत्र मुकेश कुमार निवासी ग्राम सिजवां, थाना टोडीफतेहपुर, जनपद झांसी; और साकिर (20 वर्ष) पुत्र हजरत निवासी ग्राम हाटी, थाना उल्दन, जनपद झांसी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई मोटरसाइकिल, 4,500 रुपये नकद, एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बलेनो कार बरामद की।






