जालौन जिले के सिरसाकलार थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला कर कोबरा ड्यूटी पर तैनात सिपाहियों को बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। इस प्रकरण में पुलिस ने कुल पांच लोगों के विरुद्ध विभिन्न सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों का कोर्ट ले जाते समय हवालात से लंगड़ाते हुए बाहर निकलने का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, सिरसाकलार थाने में दर्ज एक एनसीआर के मामले में आरोपी मजीद खान को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम कस्बे में दबिश देने पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी पक्ष के लोगों ने एकराय होकर पुलिस टीम का विरोध किया और कोबरा पर तैनात सिपाहियों को घेरकर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान पुलिसकर्मियों को कुछ समय के लिए बंधक भी बना लिया गया। घटना की सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के बाद पुलिस ने अभियान चलाकर सफी खान पुत्र सफी उल्ला (28), मजीद खान पुत्र सफी उल्ला (32) तथा सलमान खान पुत्र डी.डी. खान उर्फ दाऊद खान (20) को गिरफ्तार कर लिया। वहीं रूकसार पुत्री डी.डी. खान उर्फ दाऊद खान (19) और सबीना पत्नी डी.डी. खान उर्फ दाऊद खान (35) को भी मुकदमे में नामजद किया गया है। सभी आरोपी सिरसाकलार कस्बे के निवासी हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पार्टी पर हमला करने और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कोर्ट ले जाते समय तीनों आरोपी थाने की हवालात से लंगड़ाते हुए बाहर निकलते दिखाई दिए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और घटना में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता पाए जाने पर उसके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।






