जालौन जनपद के गोहन थाना क्षेत्र में रविवार सुबह लगभग 10 बजे एक सफाईकर्मी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर गोहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक की पहचान काशिमपुर निवासी 48 वर्षीय रामप्रकाश सिंह के रूप में हुई है, जो गांव में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी पानकुंवर, दो पुत्र मान सिंह और शशिकांत सिंह, तथा 17 वर्षीय पुत्री किरण शामिल हैं।
परिजनों के अनुसार, कुछ समय पहले रामप्रकाश सिंह का परिवार के मिंटूराम, भाभी रानी और रवि से घरेलू विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि इस घटना के बाद से रामप्रकाश मानसिक तनाव में रहने लगे थे, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
गोहन थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयानों तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






