Sunday, August 16, 2026

रात के अंधेरे में चोरों का धावा, एक ही घर के दो परिवारों से लाखों के जेवर और नकदी पार

spot_img

जालौन जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम निनावली जागीर में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक ही घर में रहने वाले दो परिवारों को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में अलग-अलग रास्तों से घुसे और सोने-चांदी के आभूषणों सहित नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। रविवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी वीरसिंह पुत्र त्रिभुवन और उनके भतीजे विपिन पुत्र परमसिंह के घरों में रात के समय चोरी हुई। बताया गया कि चोर विपिन के मकान में कमरे के ऊपर लगी टीनशेड हटाकर अंदर घुसे। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी सोने की झुमकी, सुई-धागा (नाक का आभूषण), चांदी की पायल सहित करीब 50 हजार रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर लिए।

इसके बाद चोरों ने वीरसिंह के कमरे की खिड़की का जंगला हटाकर अंदर प्रवेश किया और बक्से में रखी सोने की जंजीर, अंगूठी, चूड़ियां, चांदी की पायल समेत लगभग 60 हजार रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के समय वीरसिंह घर की छत पर सो रहे थे, जबकि विपिन घर के बाहर सो रहा था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने पूरी घटना को अंजाम दिया।

सुबह करीब पांच बजे जब विपिन घर के अंदर पहुंचा तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। उसने तुरंत अपने चाचा वीरसिंह को इसकी जानकारी दी। इसके बाद जब दूसरे कमरे की जांच की गई तो वहां भी जंगला टूटा मिला और सामान गायब था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही सिद्धपुरा चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों के बारे में जानकारी एकत्र कर रही है।

रामपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि निनावली जागीर गांव में एक ही घर के दो परिवारों के यहां चोरी की सूचना मिली है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!