जालौन के किसानों की मूंग उपज की खरीद निर्धारित मानकों और शासन के निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित कराने को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर उरई के उपजिलाधिकारी उत्तम कुमार तिवारी ने विशिष्ट नवीन गल्ला मंडी उरई स्थित मूंग खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वीकृत केंद्रों में से केवल एक केंद्र पर ही मूंग की खरीद होती मिली, जबकि अन्य केंद्र बंद मिले। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी केंद्रों पर जल्द से जल्द खरीद शुरू कराने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने खरीद केंद्र पर पहुंचकर अब तक हुई खरीद की जानकारी ली और केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने खरीद से संबंधित अभिलेखों की जांच करने के साथ किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। किसानों से पूछा गया कि उपज की बिक्री में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। किसानों ने केंद्रों के संचालन और खरीद प्रक्रिया से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
एसडीएम ने संबंधित कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को मूंग की उपज बेचने के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। शासन द्वारा निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार किसानों की उपज की खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने केंद्र पर किसानों की सुविधा, तौल व्यवस्था, खरीद प्रक्रिया और अभिलेखों का भी जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीद में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन हो। साथ ही किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण किया जाए।
एसडीएम उत्तम कुमार तिवारी ने बताया कि डकोर, ऐट और कोटरा में भी मूंग खरीद के केंद्र खोले गए हैं। इन सभी केंद्रों पर शासन के नियमों के अनुसार मूंग की खरीद कराई जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि खरीद प्रक्रिया में कहीं भी गड़बड़ी, लापरवाही या किसानों को परेशान करने की शिकायत सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




