Thursday, September 17, 2026

डीएम-एसपी ने छात्र-छात्राओं को खिलाई एल्बेंडाजोल की गोली, राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का किया शुभारंभ

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को जालौन के उरई स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को अपने सामने एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को कृमि संक्रमण से होने वाले नुकसान, व्यक्तिगत स्वच्छता और नियमित रूप से स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने के प्रति जागरूक किया।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य के लिए कृमि संक्रमण से बचाव बेहद जरूरी है। कृमि संक्रमण बच्चों में कुपोषण और एनीमिया का कारण बनने के साथ ही उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को भी प्रभावित कर सकता है। उन्होंने कहा कि समय से एल्बेंडाजोल की निर्धारित खुराक देने से बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखने में काफी मदद मिलती है।

उन्होंने अभियान में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से लक्षित आयु वर्ग के सभी बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की गोली निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अवश्य खिलाई जाए। कोई भी पात्र बच्चा दवा से वंचित न रहे, इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें।

डीएम ने अभियान की नियमित निगरानी और प्रभावी रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल दवा उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि लक्षित बच्चों तक दवा पहुंचे और उसका सेवन भी कराया जाए। साथ ही बच्चों को हाथ धोने, साफ-सफाई रखने, नाखून छोटे रखने और स्वच्छ भोजन-पानी का सेवन करने के लिए प्रेरित किया जाए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एचएन प्रसाद ने बताया कि जनपद में अभियान के लक्ष्य के अनुरूप सभी ब्लॉकों के प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 8,37,100 एल्बेंडाजोल टेबलेट उपलब्ध करा दी गई हैं। सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से लक्षित बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को दवा खिलाई जा रही है। संबंधित संस्थानों को ब्लॉक स्तर के पीएचसी और सीएचसी से एल्बेंडाजोल टेबलेट उपलब्ध कराई गई हैं।

छात्राओं से मिलते डीएम और एसपी

उन्होंने बताया कि 10 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के रूप में अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान किसी कारणवश जो बच्चे दवा लेने से छूट जाएंगे, उन्हें 14 अगस्त 2026 को आयोजित मॉप-अप राउंड के दौरान एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि अभियान के निर्धारित लक्ष्य के तहत कोई भी पात्र बच्चा कृमि मुक्ति की दवा से वंचित न रहे।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साफ-सफाई के लिए प्रेरित करें।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!