उरई-जालौन स्टेट हाईवे पर शुक्रवार दोपहर लगभग 3 बजे के करीब उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सेठ एम.आर. जयपुरिया पब्लिक स्कूल की बच्चों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में बस में सवार 20 स्कूली बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद बच्चों को बस से बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जालौन पहुंचाया। सभी घायलों का इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद बस UP 92 T 9164 उरई से बच्चों को लेकर जालौन छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान चालक तेज रफ्तार में बस चला रहा था। बताया जा रहा है कि तेज गति के कारण और चालक को झपकी आ जाने के कारण वह बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क से नीचे उतरकर खाई में पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही जालौन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कुछ बच्चों को सामान्य चोट लगने के कारण चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।



हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन भी बड़ी संख्या में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। अपने बच्चों को घायल अवस्था में देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार सामने आ रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और चालक की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।






