जालौन के उरई शहर कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर ग्राम बड़ागांव के पास एक सड़क हादसे में 22 वर्षीय लिफ्टर चालक की मौत हो गई। मृतक झांसी जनपद के एरच कस्बे का रहने वाला था और डकोर थाना क्षेत्र के बंधौली बालू घाट पर लिफ्टर चालक के रूप में कार्यरत था। मजदूरी का भुगतान लेकर बाइक से घर लौटते समय वह हादसे का शिकार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान झांसी जनपद के कस्बा एरच निवासी राजू निषाद (22 वर्ष) पुत्र कल्याण निषाद के रूप में हुई है। राजू अविवाहित था और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। सोमवार को वह जालौन जिले के डकोर थाना क्षेत्र स्थित बंधौली बालू घाट से मजदूरी का भुगतान लेकर मोटरसाइकिल से अपने घर एरच लौट रहा था।
देर शाम जब राजू निषाद उरई शहर कोतवाली क्षेत्र के गड़ा-बड़ागांव के पास नेशनल हाईवे से गुजर रहा था, तभी अज्ञात कारणों से उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि राजू निषाद की मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने पर उरई कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की, घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता कल्याण निषाद ने बताया कि उनका बेटा मेहनत-मजदूरी कर परिवार का सहारा था। उसकी असमय मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
उरई कोतवाली के उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा कैसे हुआ। जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







