कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को दक्षिण गोवा में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। खड़गे ने कहा कि जब वह पहली बार विधायक बने थे, तब अमित शाह बच्चे थे और आज वही उन्हें देशभक्ति का पाठ पढ़ा रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर धर्म विरोधी होने का आरोप लगाते हुए उत्तराखंड में उनके भाषण के बाद मंच के शुद्धिकरण का दावा भी किया।
खड़गे ने कहा कि राज्य के 12 मंत्रियों में से 10 ऐसे हैं, जो पहले कांग्रेस में थे और बाद में भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने मतदाताओं से ऐसे नेताओं को वोट न देने की अपील करते हुए कहा, “गद्दारों को वोट मत दीजिए। अगर आप उन्हें वोट देंगे, तो आप भी गद्दार बन जाएंगे।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने गोवा में जमीन खरीदने को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बड़े शहरों के अमीर लोग गोवा में जमीन खरीद रहे हैं। सवाल यह है कि वे जमीन गोवा के लोगों की भलाई के लिए खरीद रहे हैं या राज्य का शोषण करने के लिए। उन्होंने बाहर से आने वाले लोगों द्वारा जमीन खरीदकर मनमानी कीमतों पर घर बनाने पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही कहा कि गोवा में ऐसे पर्यटकों का स्वागत होना चाहिए, जो राज्य की संस्कृति का सम्मान और उसकी रक्षा करें।
इस बीच वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी विवाद भी तेज हो गया है। अमित शाह ने 16 अगस्त को आरोप लगाया था कि कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के दौरान सोनिया गांधी के इशारे पर कांग्रेस अध्यक्ष ने गान रुकवा दिया था। इसके बाद दिल्ली में राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ शिकायत दी गई है।
दिल्ली पुलिस ने IP एस्टेट थाने में 16 अगस्त को एक वकील की ओर से दी गई शिकायत की जांच शुरू कर दी है। शिकायत में दोनों नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई है। आरोप लगाया गया है कि वंदे मातरम के शुरुआती हिस्से के बाद सोनिया गांधी ने कुछ इशारे किए, जिन्हें गान जारी रखने पर आपत्ति के तौर पर देखा गया।
कर्नाटक में भी शिकायत
वंदे मातरम विवाद को लेकर भाजपा ने कर्नाटक में भी सोनिया गांधी के खिलाफ पुलिस शिकायतें दर्ज कराई हैं। बेंगलुरु में भाजपा युवा मोर्चा ने मल्लेश्वरम थाने और मंगलुरु में भाजपा नेताओं ने उर्वा थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इन शिकायतों पर अभी FIR दर्ज नहीं हुई है।
वंदे मातरम को लेकर आरोप-प्रत्यारोप के बीच खड़गे के ताजा बयान से कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी टकराव और बढ़ने के आसार हैं।






