जालौन जनपद की उरई कोतवाली में तैनात एक मुंशी के साथ महिला आरक्षी का ड्यूटी के दौरान प्यार का इजहार और अश्लील हरकत करने का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। कोतवाली परिसर में बने पुलिस कंट्रोल रूम का एक सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की है। मामले में कंट्रोल रूम में तैनात मुंशी अरविंद पटेल को निलंबित कर दिया गया है, जबकि महिला आरक्षी के संबंध में विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में उरई कोतवाली के कंट्रोल रूम के अंदर ड्यूटी के दौरान एक महिला आरक्षी, कंप्यूटर कक्ष में ड्यूटी कर तैनात मुंशी पुलिस आरक्षी अरविंद पटेल के साथ आपत्तिजनक एवं अनुशासनहीन व्यवहार करते दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों की ड्यूटी कंट्रोल रूम में लगी हुई थी। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया।
बता दें कि अरविंद पटेल की वर्तमान में उरई कोतवाली में पोस्टिंग है, इसी दौरान महिला आरक्षी जो वर्तमान में अंडर ट्रेनिंग पर उसकी भी उरई कोतवाली में तैनाती हुई थी, जब अरविंद पटेल कंप्यूटर पर काम कर रहा था, तभी महिला आरक्षी उसके पास पहुंचती है और वह अरविंद के साथ अश्लील हरकत शुरु कर देती है। अरविंद अपने आप को असहज महसूस करते हुए कुर्सी छोड़ कर दूसरी ओर खड़ा हो जाता है, लेकिन महिला आरक्षी उसके पीछे-पीछे जाती है, जहां वह अपने प्यार का इजहार करती है। अरविंद कई बार महिला आरक्षी से अलग होता हुआ वीडियो में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है, लेकिन महिला आरक्षी लगातार अरविंद के पीछे-पीछे जाते हुए दिखाई दे रही है, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे की कार्यशैली और अनुशासन को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जालौन के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच के दौरान मुंशी अरविंद पटेल को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत विभागीय जांच कराई जा रही है, ताकि सभी तथ्यों को स्पष्ट किया जा सके और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस अधीक्षक का कहना है कि विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या आचरण संबंधी शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






