जालौन के गोहन थाना क्षेत्र में शादी के महज दो माह बाद एक नवविवाहिता की बुधवार रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नैनापुर निवासी संतोषी का विवाह 10 मई 2026 को गोहन थाना क्षेत्र निवासी आशीष कुमार के साथ हुआ था। बुधवार को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मायके पहुंची, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतका के पिता सुरेश का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल पक्ष लगातार मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर संतोषी के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। उनका आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर बेटी की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
घटना की सूचना पर गोहन थाना प्रभारी सतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ अंबुज कुमार यादव भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और परिजनों से पूछताछ की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। मामले की हर पहलू से निष्पक्ष जांच की जा रही है।
उधर, संतोषी की मौत से मायके पक्ष में गहरा आक्रोश है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






