जालौन के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित आधुनिक तरणताल अब पूरी तरह तैयार हो चुका है। जिला मुख्यालय स्थित इंदिरा स्टेडियम में निर्मित अत्याधुनिक स्विमिंग पूल का शनिवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने अंतिम स्थलीय निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी तैयारियां संतोषजनक पाए जाने के बाद रविवार से तरणताल का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा, जिससे जनपदवासियों को आधुनिक तैराकी सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तरणताल की सुरक्षा व्यवस्था, जल की गुणवत्ता, आधुनिक फिल्ट्रेशन सिस्टम, चेंजिंग रूम, शौचालय, पाथवे, शेड, बाउंड्रीवाल, टाइल्स, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तरणताल के संचालन के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा मानकों तथा नियमित रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और आमजन को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इंदिरा स्टेडियम का यह तरणताल मा० जल शक्ति मंत्री की निधि से कराए गए व्यापक जीर्णोद्धार कार्यों के बाद आधुनिक स्वरूप में विकसित किया गया है। परिसर का आकर्षक सौंदर्यीकरण, आधुनिक आधारभूत सुविधाएं तथा खिलाड़ियों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार की गई व्यवस्थाएं इसे पहले की तुलना में कहीं अधिक सुविधाजनक और उपयोगी बनाती हैं। अब जिले के तैराकों और खेल प्रतिभाओं को अभ्यास एवं प्रशिक्षण के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, बल्कि उन्हें स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध होगी।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि खेल सुविधाओं का विस्तार जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इंदिरा स्टेडियम का नवीनीकृत तरणताल खिलाड़ियों की प्रतिभा को नई दिशा देगा और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित कर जालौन को खेल गतिविधियों का मजबूत केंद्र बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रविवार से शुरू होने वाली यह आधुनिक सुविधा जिले में तैराकी खेल को नई पहचान देने के साथ-साथ खेल संस्कृति को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगी। इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, आरईएस के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।






