जालौन जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। खेत में फसल को आवारा पशुओं से बचाने के लिए तार लगाने हेतु खंभा गाड़ रहे किसान पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार कुठौंद क्षेत्र के निवासी मान सिंह (57) पुत्र भुलई शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे अपने खेत पर पहुंचे थे। वह फसल को आवारा जानवरों से सुरक्षित रखने के लिए खेत की घेराबंदी का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। दोपहर करीब 12 बजे तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में मान सिंह आ गए।
काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। परिवार के सदस्य उन्हें देखने खेत पहुंचे तो मान सिंह अचेत अवस्था में पड़े मिले। उनका शरीर बुरी तरह झुलस चुका था। परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठौंद ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मान सिंह अपने परिवार के मुख्य सहारा थे। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों का विवाह हो चुका है, जबकि दोनों बेटों की अभी शादी नहीं हुई है। पिता के असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। गांव में पूरे दिन मातम का माहौल रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
लगातार हो रही बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं के बीच प्रशासन एवं मौसम विभाग लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों, पेड़ों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की अपील कर रहा है।




