Friday, August 28, 2026

शिक्षा बनेगी हर बच्चे का अधिकार, ‘स्कूल चलो अभियान’ का हुआ शुभारंभ

spot_img

नए शैक्षिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर बुधवार को जालौन के उरई में ‘स्कूल चलो अभियान’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही तथा बीएसए विकास चौधरी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली का उद्देश्य जनपद के प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराना तथा नियमित उपस्थिति के प्रति अभिभावकों और आमजन को जागरूक करना रहा।

जागरूकता रैली में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए। रैली के दौरान शिक्षा के महत्व से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया गया कि कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे। प्रतिभागियों ने शिक्षा को समाज और राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए शत-प्रतिशत नामांकन का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और जनसहभागिता से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।

सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और व्यक्तित्व निर्माण का केंद्र है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों से अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि जनपद का कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयवार सर्वे कर ऐसे बच्चों का चिन्हांकन किया जाए, जिनका अभी तक नामांकन नहीं हुआ है, और उनका शीघ्र प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि नामांकन के साथ-साथ बच्चों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, स्वच्छ एवं सुरक्षित विद्यालय वातावरण तथा शासन की सभी छात्रहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी विकास खंडों एवं परिषदीय विद्यालयों में जागरूकता रैलियां, नामांकन अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रम तथा अभिभावक संवाद आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य शत-प्रतिशत नामांकन के साथ-साथ बच्चों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने ‘हर बच्चा स्कूल, हर सपना साकार’ के संकल्प को दोहराते हुए जनपद के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का आह्वान किया। अभियान के शुभारंभ के साथ ही पूरे जनपद में विद्यालयों में प्रवेशोत्सव और नामांकन अभियान की गतिविधियां भी शुरू हो गई हैं।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!