Saturday, September 19, 2026

व्यापारियों की समस्याओं पर डीएम का सख्त एक्शन, ईओ और सिटी मजिस्ट्रेट को नोटिस, वेतन रोका

जालौन जनपद के व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला व्यापार बंधु एवं जिला उद्योग बंधु की संयुक्त बैठक की। बैठक में व्यापारियों और उद्योग प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए और लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया।

बैठक में मोनी मंदिर के आगे स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में जाम और अव्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठा। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि इस संबंध में अधिशासी अधिकारी और सिटी मजिस्ट्रेट स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इस पर जिलाधिकारी ने दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि समय पर कार्रवाई न होने पर प्रतिकूल प्रविष्टि सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एक माह के भीतर बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समीप उपलब्ध भूमि का निरीक्षण कर नई सब्जी मंडी विकसित करने के लिए आधारभूत ढांचे का प्रस्ताव तैयार किया जाए। राठ रोड ओवरब्रिज से हाईवे तक सड़क चौड़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग को विस्तृत आगणन शासन को भेजने और स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।

कालपी के टरनलगंज बाजार में अतिक्रमण की समस्या पर नगर पालिका को नियमित अभियान चलाने, जबकि जिला परिषद परिसर में सामुदायिक शौचालय का निर्माण एक माह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए गए। घंटाघर से भगत सिंह चौराहे तक नाले की सफाई और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूर्ण होने की जानकारी मिलने पर उस प्रकरण का निस्तारण कर दिया गया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय व्यापार बंधु के उपायुक्त सचिव अमित यादव को भी व्यापारिक समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने और सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद आयोजित जिला उद्योग बंधु की बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। आईटीआई प्राचार्य को अप्रेंटिसशिप योजना के तहत अधिक से अधिक प्रशिक्षुओं को जोड़ने तथा क्वालिटी पार्क प्रशिक्षण की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। कालपी औद्योगिक क्षेत्र के वैकल्पिक मार्ग, यूपीएसआईडीसी के लंबित प्रकरणों और जालौन प्रोसेसिंग फेज-2 की समस्याओं के समाधान के लिए भी समयसीमा निर्धारित की गई।

हाथ कागज संघ कालपी द्वारा अत्यधिक बिजली बिल का मुद्दा उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को किस्तों में भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजने के निर्देश दिए। वहीं उरई औद्योगिक क्षेत्र में क्षतिग्रस्त वाहनों के खड़े रहने की समस्या पर बताया गया कि डकोर ब्लॉक में नया वाहन यार्ड विकसित किया जा रहा है, जहां भविष्य में सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को स्थानांतरित किया जाएगा।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि व्यापार और उद्योग जनपद की आर्थिक प्रगति की रीढ़ हैं। व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, उपायुक्त उद्योग धर्मेंद्र भास्कर, अमित यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और व्यापार एवं उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!