जालौन जिले के नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम भकरोल में मजदूरी करने के लिए घर से निकले 45 वर्षीय मजदूर का शव खेत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
रविवार को पोस्टमार्टम कराने मेडिकल कॉलेज पहुंची परिजनों के अनुसार, ग्राम भकरोल निवासी 45 वर्षीय राजकुमार शनिवार सुबह रोज की तरह घर से मजदूरी करने की बात कहकर निकले थे। परिवार के लोगों को उम्मीद थी कि वह शाम तक घर लौट आएंगे, लेकिन देर शाम तक उनके वापस न आने पर परिजन चिंतित हो गए। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने गांव के लोगों के साथ उनकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान गांव के पास स्थित एक खेत में राजकुमार का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया। घटना की जानकारी तत्काल नदीगांव थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
परिजनों ने बताया कि राजकुमार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार सुबह भी वह मजदूरी पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। उनकी काफी तलाश की गई, जिसके बाद खेत में उनका शव मिला। परिवार ने बताया कि राजकुमार की मौत कैसे हुई, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
नदीगांव थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।






