जालौन जिले के कैलिया थाना क्षेत्र के पहाड़गांव में शुक्रवार शाम एक 75 वर्षीय बुजुर्ग का शव गांव के पास स्थित तालाब में मिला। बुजुर्ग शौच के लिए घर से निकले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पहाड़गांव निवासी 75 वर्षीय गरीब कुशवाहा पुत्र स्वर्गीय मंसोले शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे शौच के लिए घर से निकले थे। जब वे काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। शाम लगभग सात बजे उनका शव गांव के पास स्थित तालाब में तैरता हुआ मिला।
घटना की सूचना तत्काल पहाड़गांव चौकी और कैलिया थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला। मृतक के पुत्र कल्याण कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि उनके पिता रोज की तरह शौच के लिए गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।
पुलिस की प्रारंभिक आशंका है कि शौच के दौरान तालाब से पानी लेते समय उनका पैर फिसल गया, जिससे वे गहरे पानी में डूब गए। पुलिस ने बताया कि फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।




