उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को जालौन के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री उरई स्थित इंदिरा स्टेडियम में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे तथा जनपद को 1273.96 करोड़ रुपये की लागत वाली 374 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं के माध्यम से उरई, कालपी और माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा तथा प्रशासनिक सेवाओं को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह से मुस्तैद है, आईजी आकाश कुलहरी जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जनसभा स्थल पर पांच जनपदों से आए पुलिसकर्मियों के साथ ब्रीफिंग की। इस दौरान उन्होंने सभी को अपने-अपने पॉइंट पर सतर्क रहने की निर्देश दिए।

कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। इनमें कालपी नगर की बहुप्रतीक्षित पेयजल योजना, ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर फेज-2 के अंतर्गत महेवा में 400 केवी विद्युत उपकेंद्र, उरई-इटौरा मार्ग का चौड़ीकरण, मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का निर्माण, मेडिकल कॉलेज में 50 शैय्या क्रिटिकल केयर यूनिट, पुलिस लाइन में नए आवासीय भवन तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त नई तहसील उरई भवन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा धार्मिक स्थलों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जालौन देवी मंदिर, रक्तदंतिका देवी मंदिर, अक्षरा देवी माता मंदिर एवं बैरागढ़ शक्ति पीठ मां शारदा मंदिर तक पहुंचने वाले मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से संबंधित कार्य भी जनपद को समर्पित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, जनसभा स्थल, पार्किंग, बैरिकेडिंग तथा अन्य व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया गया। झांसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक आकाश कुलहरी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे तथा पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री की जनसभा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।





