उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ, माधौगढ़ ब्लॉक के अध्यक्ष अजय सिंह भदौरिया ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से शिष्टाचार भेंट कर शिक्षकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों के लिए लागू की गई कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड योजना के लिए मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
मुलाकात के दौरान अजय सिंह भदौरिया ने बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों की वर्तमान समस्याओं और लंबित मांगों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य के साथ-साथ विभिन्न गैर-शैक्षणिक कार्यों का अतिरिक्त भार उठाना पड़ता है, जिससे शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने शिक्षकों से केवल शिक्षा संबंधी कार्य ही लिए जाने की मांग की।
इसके अलावा उन्होंने अंतर्जनपदीय और पारस्परिक स्थानांतरण प्रक्रिया को अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाने, पदोन्नति की लंबित प्रक्रिया में तेजी लाने, पुरानी सेवा संबंधी विसंगतियों का समाधान, समयबद्ध एसीपी एवं वेतन संबंधी समस्याओं का निस्तारण, रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां, तथा विद्यालयों में आवश्यक संसाधनों और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की मांग भी मंत्री के समक्ष रखी।

अजय सिंह भदौरिया ने कहा कि शिक्षक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। ऐसे में उनकी प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है, जिससे वे पूरी ऊर्जा और मनोयोग से विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।
बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि शिक्षकों के हितों से जुड़े सभी बिंदुओं पर विभाग स्तर पर नियमानुसार विचार किया जाएगा तथा व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर चरखारी (महोबा) के विधायक बृजभूषण सिंह राजपूत ‘गुड्डू’ तथा विक्रम भदौरिया भी उपस्थित रहे। शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि सरकार शिक्षकों की लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का कार्य करेगी।






