Wednesday, August 26, 2026

एटा में खड़ी रोडवेज बस में कंटेनर की भीषण टक्कर, पांच की मौत; 12 घायल, चीख-पुकार से दहला घटनास्थल

spot_img

एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र के कीलर मऊ गांव के समीप गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के पास मौजूद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी और उसे ठीक करने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आए कंटेनर ने बस में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के समय बस के बाहर खड़े कई लोग उसकी चपेट में आ गए।

सूचना मिलते ही बागवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 12 अन्य घायलों का उपचार जारी है।

हादसे में सतेंद्र (38) निवासी बुलंदशहर, राजेश (34) निवासी दौलतपुर नवाबगंज (फर्रुखाबाद), सुखराम (30) निवासी फर्रुखाबाद, शैलेश (29) निवासी नवाबगंज (फर्रुखाबाद) तथा एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं आनंद, विवेक, पूनम, नीतीश, विशाल, रवि, यतेंद्र, दक्ष, विक्रांत, सुमित, रिशु और ब्रजेश सहित 12 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

मृतक राजेश के भाई पवन कुमार ने बताया कि उनका भाई अपने परिवार के साथ दिल्ली जा रहा था। बस खराब होने के कारण सभी नीचे खड़े थे, तभी पीछे से आए कंटेनर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में उनके भाई की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए तथा पुलिस को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के लिए कहा। बाद में क्षतिग्रस्त बस और कंटेनर को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।

जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस के खराब होने के कारण उसके सड़क पर खड़े होने की बात सामने आई है। उसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। उन्होंने कहा कि घायलों का बेहतर उपचार कराया जा रहा है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!