जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र में घर के अंदर चल रहे जुए के अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए सात जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 74 हजार रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए कुछ आरोपियों का पूर्व में भी जुआ खेलने के आरोप में आपराधिक इतिहास सामने आया है।
सीओ उरई राजीव शर्मा के अनुसार रविवार रात को कोतवाली उरई पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के एक घर के अंदर कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उरई आनंद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों में खलबली मच गई। टीम ने घेराबंदी कर मौके से सात लोगों को पकड़ लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भीम प्रकाश पुत्र स्व. सुखलाल निवासी बाल भारती इंटर कॉलेज के पास राजेंद्र नगर उरई, राज वर्मा पुत्र कृपाराम वर्मा निवासी इंद्रा नगर मंडी गेट के पास, सत्य विजय वर्मा पुत्र रघुवर दयाल वर्मा निवासी मोहन स्टूडियो के पास राजेंद्र नगर, दीपू चौधरी पुत्र देवी प्रसाद निवासी नैना पैलेस के पीछे राजेंद्र नगर, रामेन्द्र गोस्वामी पुत्र अशोक गोस्वामी निवासी रामजी पाण्डेय स्कूल के आगे राजेंद्र नगर, दिनेश दीक्षित पुत्र राकेश दीक्षित निवासी शिवानी गार्डन के पीछे राजेंद्र नगर और राजवीर पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी बाल भारती इंटर कॉलेज के पास राजेंद्र नगर के रूप में की है।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान जुए की फड़ से 70 हजार रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा गिरफ्तार आरोपियों की जामा तलाशी लेने पर चार हजार रुपये और मिले। इस तरह पुलिस ने कुल 74 हजार रुपये नकद बरामद किए। इसके साथ ही छह मोबाइल फोन और 52 ताश के पत्ते भी पुलिस के कब्जे में लिए गए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मौके पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे थे। बरामदगी के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार भीम प्रकाश के खिलाफ जुआ अधिनियम से संबंधित कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2021, 2022 और 2026 के मामले शामिल हैं। दिनेश दीक्षित के खिलाफ भी वर्ष 2015 और 2017 में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
इसी तरह सत्य विजय वर्मा के खिलाफ वर्ष 2022 का जुआ अधिनियम का मामला और भारतीय विद्युत अधिनियम से संबंधित मुकदमा दर्ज है। वहीं, राज वर्मा, दीपू चौधरी, रामेन्द्र गोस्वामी और राजवीर के खिलाफ भी वर्तमान मामले से संबंधित मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित जुए के अड्डों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस टीम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों अथवा घरों में जुआ खिलाने और खेलने वालों के खिलाफ सूचना मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र बहादुर सिंह, हेड कांस्टेबल विजय तिवारी, कांस्टेबल योगेंद्र कुमार, कांस्टेबल कृष्ण कान्त और कांस्टेबल दिनेश शामिल रहे।







