जालौन कोतवाली क्षेत्र के नारो भास्कर मोहल्ले में शराब के लिए रुपये मांगने को लेकर लोडर चालक और उसके मालिक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि रुपये देने से इनकार करने पर शराब के नशे में धुत चालक ने अपने पूर्व मालिक का गला दबा दिया। गला दबाए जाने से मालिक छटपटाते हुए बेहोश हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसे आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना का सीसीटीवी फुटेज शनिवार शाम सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है।
बताया गया है कि नारो भास्कर मोहल्ला निवासी सत्येंद्र मिश्रा कुछ समय पहले इसी मोहल्ले के रहने वाले रईस का लोडर चलाता था। कुछ दिन पहले उसने रईस का लोडर चलाना छोड़ दिया था। पुलिस के मुताबिक 27 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन सत्येंद्र शराब के नशे में रईस के पास पहुंचा और उससे पांच हजार रुपये की मांग करने लगा।
रईस ने रुपये देने से इनकार करते हुए कहा कि इस समय उसके पास पैसे नहीं हैं। आरोप है कि इसी बात से सत्येंद्र नाराज हो गया और पहले रईस के साथ मारपीट की। इसके बाद उसने रईस का गला दबा दिया। अचानक हुए हमले से रईस बचने के लिए छटपटाने लगा। काफी देर तक गला दबाए जाने के कारण वह बेहोश होकर कुर्सी पर गिर गया।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और आरोपी को रोककर रईस को उसके चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत जालौन कोतवाली पुलिस से की।
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी। घटना के दो दिन बाद शनिवार शाम इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वायरल फुटेज में आरोपी द्वारा रईस का गला दबाने और आसपास मौजूद लोगों द्वारा बीच-बचाव किए जाने की घटना दिखाई दे रही है।
इस संबंध में जालौन कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर ने बताया कि घटना दो दिन पहले की है और सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। मामले में पुलिस पहले ही आरोपी सत्येंद्र मिश्रा के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई कर चुकी है। उन्होंने बताया कि रुपए न देने पर इस घटना को कार्य किया है फिलहाल इस मामले में कार्रवाई की जा चुकी है।






