Wednesday, August 19, 2026

कोलकाता के होटल में आग का कहर, बच्चा समेत 9 की मौत; 28 का रेस्क्यू

spot_img

पश्चिम बंगाल के कोलकाता के फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित होटल ताइबा में मंगलवार देर रात 2 बजे लगी भीषण आग ने नौ लोगों की जान ले ली। हादसे के समय होटल में अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। आग के बाद देखते ही देखते कमरों और गलियारों में धुआं भर गया। दम घुटने के कारण नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है। कुछ मृतक बांग्लादेश के नागरिक बताए गए हैं, जो इलाज के सिलसिले में कोलकाता आए थे।

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। होटल के आसपास धुआं फैलने और अंदर लोगों के फंसे होने की जानकारी के बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने सीढ़ियों की मदद से होटल की खिड़कियां तोड़ीं और अंदर दाखिल होकर फंसे लोगों को बाहर निकाला।

आग लगने के बाद मौके पर पुलिस

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दमकलकर्मियों ने होटल में फंसे 28 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी को तत्काल अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां घायलों का उपचार चल रहा है। बताया गया कि होटल से कुछ दूरी पर ही फायर सर्विस डिपार्टमेंट का मुख्यालय होने के कारण राहत और बचाव दल अपेक्षाकृत कम समय में घटनास्थल पर पहुंच गया।

हादसे में जान गंवाने वालों में बांग्लादेशी नागरिकों के अलावा मेघालय और पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार के रहने वाले लोग भी शामिल बताए गए हैं। पुलिस और दमकल विभाग की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल आग की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

फ्री स्कूल स्ट्रीट में बड़ी संख्या में ठहरते हैं बांग्लादेशी नागरिक

फ्री स्कूल स्ट्रीट इलाके में कई होटल हैं, जहां बांग्लादेश से इलाज कराने और दूसरे कामों के सिलसिले में कोलकाता आने वाले लोग बड़ी संख्या में ठहरते हैं। इसी वजह से होटल ताइबा में भी बांग्लादेशी नागरिकों की मौजूदगी बताई गई है। हादसे के बाद इलाके में सुरक्षा और होटल में अग्निशमन इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

बीरभूम के बाद कोलकाता में दूसरा बड़ा होटल अग्निकांड

पश्चिम बंगाल में होटल में आग लगने की यह घटना कुछ ही दिनों में दूसरा बड़ा हादसा है। 17 अगस्त को बीरभूम जिले में तारापीठ मंदिर के पास एक होटल में आग लगने से नौ लोगों की मौत हुई थी और नौ लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। प्रारंभिक जांच में वहां आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई थी। लगातार सामने आ रहे इन हादसों के बाद होटल और गेस्ट हाउस में अग्निसुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!