समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को लखनऊ के हजरतगंज में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा कि आज देश में परिसीमन से ज्यादा जरूरत सीमाओं की सुरक्षा की है। भाजपा को बताना चाहिए कि वर्ष 2014 में देश का क्षेत्रफल कितना था और अब कितना है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जिनका जवाब सरकार को देना चाहिए।
अखिलेश ने महंगाई और पेट्रोल में ई-20 मिश्रण को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और किसानों को खाद तथा डीएपी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की खाद की चोरी हो रही है, जिसका सरकार को जवाब देना चाहिए।
उन्होंने लखनऊ की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे शहर में जगह-जगह कूड़ा पड़ा हुआ है। भाजपा द्वारा बड़े पैमाने पर पौधरोपण के दावों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि लगाए गए करोड़ों पेड़ आखिर कहां हैं।
सपा अध्यक्ष ने योगी सरकार पर गोरखपुर में 500 प्राथमिक विद्यालय बंद किए जाने का आरोप लगाया। साथ ही कानपुर एक्सप्रेसवे पर गड्ढों को लेकर भी सरकार को घेरा।
रानी अवंतीबाई लोधी को श्रद्धांजलि देते हुए अखिलेश ने कहा कि आजादी की लड़ाई में उनका योगदान रानी लक्ष्मीबाई के समान महत्वपूर्ण था। उन्होंने कहा कि सपा पीडीए की लड़ाई जारी रखेगी और समाज को जागरूक एवं एकजुट करने का काम करती रहेगी।






