Friday, October 2, 2026
google.com, pub-2748108890967763, DIRECT, f08c47fec0942fa0spot_img

16 रुपये का सामान के सेल की सूचना पर आलम मार्केट में उमड़ी हजारों की भीड़

कानपुर के अनवरगंज थाना क्षेत्र स्थित आलम मार्केट में रविवार देर रात सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑफर ने अफरा-तफरी जैसी स्थिति पैदा कर दी। ‘16 मिनट में 16 रुपये का सामान’ देने की जानकारी तेजी से वायरल होने के बाद रात करीब 11:59 बजे बड़ी संख्या में लोग आलम मार्ट के बाहर पहुंच गए। देखते ही देखते बाजार में भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही अनवरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर वहां से हटाया।

पुलिस के मुताबिक, आलम मार्ट के संचालक की ओर से सोशल मीडिया पर विशेष सेल का प्रचार किया गया था। बताया गया कि कपड़ा व्यापारी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर ग्राहकों के लिए ‘16 मिनट में 16 रुपये का सामान’ देने का ऑफर घोषित किया था। ऑफर का मैसेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए आलम मार्केट पहुंच गए।

देर रात बाजार में भीड़ बढ़ने की सूचना पर अनवरगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस का कहना है कि मौके पर किसी प्रकार का बल प्रयोग या लाठीचार्ज नहीं किया गया।

पुलिस के अनुसार, शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर देर रात प्रमुख चौराहों और स्थानों पर चेकिंग व गश्त की जा रही थी। इसी दौरान आलम मार्केट में भारी भीड़ की सूचना मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची।

फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य है। पुलिस पूरे मामले के तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर ऑफर का प्रचार करने वाले संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!