जालौन की नदीगांव पुलिस ने एक हत्या के चर्चित मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया है। आरोपी ने पूछताछ में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में हत्या करने की बात स्वीकार की है।
जालौन के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. इशांत सोनी और सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद ने उरई पुलिस लाइन में पत्रकारों को बताया कि 5 जुलाई 2026 को नदीगांव थाना क्षेत्र के भकरौल गांव में सड़क किनारे खेत में एक व्यक्ति का शव मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो व्यक्ति मृत पाया गया।
मृतक की पहचान भकरौल निवासी राजकुमार बरार पुत्र बालादीन के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक की पत्नी सुमन ने नदीगांव थाने में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या, धमकी और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी कोंच के नेतृत्व में घटना के खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
सोमवार, 27 जुलाई 2026 को नदीगांव पुलिस ने विवेचना में सामने आए आरोपी सोनू पाल उर्फ महते (32 वर्ष), पुत्र जगदीश पाल, निवासी भकरौल को चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 4 जुलाई की रात वह मृतक राजकुमार के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान राजकुमार नशे की हालत में गाली-गलौज करने लगा, जिस पर उसने कई बार समझाने का प्रयास किया। आरोपी ने स्वीकार किया कि इसी विवाद के चलते उसने राजकुमार की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है।




