Saturday, September 19, 2026

मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व रामपुरा में बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, तीन अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से पूर्व जालौन पुलिस ने थाना रामपुरा क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन अंतरजनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी ने एनकाउंटर की डर से पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहे, जिंदा और खोखा कारतूस, चोरी के आभूषण, नकदी, चोरी में प्रयुक्त औजार, मोबाइल फोन तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

जालौन की अपर पुलिस अधीक्षक डॉ इशान सोनी के अनुसार, यह मुठभेड़ रामपुरा थाना क्षेत्र के आईटीआई कॉलेज के पास हुई है। उन्होंने बताया कि थाना रामपुरा क्षेत्र के ग्राम मई निवासी कन्हई सिंह के घर में 16/17 मई 2026 की रात अज्ञात चोरों ने नकदी और जेवरात चोरी कर लिए थे। इस संबंध में पीड़ित की तहरीर पर थाना रामपुरा में मुकदमा संख्या 35/2026 धारा 331(4)/305ए बीएनएस के तहत अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देशन में थाना रामपुरा पुलिस तथा स्वाट/सर्विलांस टीम को लगाया गया था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से पूर्व शुक्रवार की देर शाम को संयुक्त टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बदमाशों से पुलिस का सामना हो गया। पुलिस के रुकने के संकेत पर बाइक सवार बदमाशों ने भागने का प्रयास किया जिस पर पुलिस ने उनका पीछा किया पुलिस को देखते हुए बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।

घायल बदमाश को अस्पताल ले जाती पुलिस

जवाबी कार्रवाई में बाइक पर सवार बृजेन्द्र राजपूत पुत्र मथुरा प्रसाद निवासी बिलगांव परिया डेरा, थाना जलालपुर, जनपद हमीरपुर तथा विवेक राजपूत उर्फ इक्का पुत्र मुन्ना राजपूत निवासी खड़ेही लोधन, थाना मुस्करा, जनपद हमीरपुर के पैर में गोली लग गई, गोली लगने से दोनों घायल आरोपियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं तीसरे आरोपी सोनू यादव पुत्र लखन यादव निवासी बगरौन, थाना चरखारी, जनपद महोबा ने एनकाउंटर के डर से आत्मसमर्पण कर दिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 16 मई की रात ग्राम मई में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। उन्होंने यह भी बताया कि गिरफ्तारी के समय वे क्षेत्र में एक और चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, एक कटर, एक पेचकस, एक प्लास, एक हथौड़ा, तीन मोबाइल फोन, एक बिना नंबर प्लेट की दोपहिया वाहन, दो जोड़ी सफेद धातु की पायल, एक जोड़ी पीली धातु के आभूषण तथा 14,470 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार बृजेन्द्र राजपूत और विवेक राजपूत के खिलाफ हमीरपुर, महोबा, बांदा और जालौन जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर तथा हत्या जैसे गंभीर अपराधों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह कई जनपदों में सक्रिय होकर सुनसान इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

एएसपी का कहना है कि आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। उनसे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है, जिससे कई और वारदातों का खुलासा होने की संभावना है। थाना रामपुरा पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम की इस कार्रवाई को जालौन पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!