जालौन के कालपी कोतवाली क्षेत्र के छौक गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में कक्षा 7 में पढ़ने वाली 12 वर्षीय छात्रा की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब छात्रा गांव के पास झांसी-कानपुर रेलवे ट्रैक पार कर रही थी। अचानक झांसी कानपुर की ओर से आ रही बरौनी मेल तथा मालगाड़ी आने के कारण वह घबरा गई और संभलने से पहले ही एक ट्रेन की चपेट में आ गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार छौक गांव निवासी अरविंद की 12 वर्षीय पुत्री अन्नया, जो कक्षा 7 की छात्रा थी, बुधवार शाम करीब 4:30 बजे गांव के समीप स्थित झांसी-कानपुर रेलवे लाइन पार कर रही थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पर झांसी तथा कानपुर की ओर से आ रही बरौनी तथा को देख छात्रा दोनों रेलवे ट्रैक के बीचो बीच फंस गई। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार दोनों ट्रेनों के एक साथ आने से छात्रा स्थिति का सही आकलन नहीं कर सकी और घबराहट में ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर रेलवे और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के भाई विवेक ने बताया कि अन्नया परिवार की इकलौती बहन थी और दो भाइयों के बीच सबसे लाड़ली थी। वह पढ़ाई में भी अच्छी थी और परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। उसकी असमय मौत से पूरे परिवार के सपने एक झटके में बिखर गए।
हादसे के बाद मां सुनीता सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंचे।




