जालौन जनपद से गुजर रहे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार तड़के करीब चार बजे एक्सप्रेसवे के 217 किलोमीटर प्वाइंट पर एक तेज रफ्तार ट्रक सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में ट्रक के क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या UP 75 CT 8311 झांसी से औरैया की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक का ट्रक एक्सप्रेसवे किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे जा भिड़ा। हादसे में 20 वर्षीय रामरतन, निवासी फिरोजाबाद, जो ट्रक पर क्लीनर था, की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं चालक सौरभ (25) निवासी मैनपुरी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा (UPIDA) की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण सड़क किनारे खड़ा ट्रक माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर खड़े वाहनों की निगरानी और यातायात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






