जालौन के उरई-जालौन मार्ग पर सोमवार दोपहर को एक भीषण सड़क हादसे में कार चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग घायल हो गए।
हादसा जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत भिटारा के पास इंडियन पेट्रोल पंप के सामने उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार का आगे का टायर अचानक फट गया। टायर फटते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार करीब चार से पांच बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार कार संख्या GJ16 AP 0407 उरई से जालौन की ओर जा रही थी। जैसे ही कार भिटारा के समीप पहुंची, अचानक उसका अगला टायर फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटी खाती हुई सड़क किनारे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जालौन पहुंचाया। यहां चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के.डी. गुप्ता ने परीक्षण के बाद चालक इमरान खां पुत्र छोटे खां, निवासी मोहल्ला नया खंडेराव, जालौन को मृत घोषित कर दिया। वहीं कार में सवार अन्य दो घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
प्रथम दृष्टया हादसे का कारण कार का आगे का टायर फटना माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






