Monday, August 24, 2026

जालौन में प्रसव के दौरान महिला की मौत, मायके वालों ने पति पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

spot_img

जालौन जनपद के कुठौंद थाना क्षेत्र के ईटा सलेमपुर गांव में प्रसव के दौरान एक 22 वर्षीय विवाहिता की मौत से परिवार में मातम छा गया। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति पर प्रताड़ित करने और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, ईटा सलेमपुर गांव निवासी रंजना देवी (22 वर्ष) की सोमवार को प्रसव के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज उरई लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतका के भाई हरिप्रकाश निवासी हुसेपुरा सुरही ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की शादी करीब 13 माह पहले आशुतोष गौतम के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति द्वारा आए दिन मारपीट और प्रताड़ित किया जाता था, जिससे रंजना लंबे समय से मानसिक तनाव में रह रही थी। उनका कहना है कि लगातार प्रताड़ना के कारण उसकी मानसिक और शारीरिक स्थिति प्रभावित हुई और प्रसव के दौरान उसकी हालत बिगड़ने पर उसकी जान चली गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना पर कुठौंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतका का पति आशुतोष गौतम खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। मामले में सभी तथ्यों और साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!