Monday, August 24, 2026

जालौन में नवीन ज्वेलर्स में डकैती डालने वाले बदमाशों से मुठभेड़, गोली लगने से तीन बदमाश घायल, एसपी पहुंचे मौके पर

spot_img

जालौन जिले के कोंच कस्बे में कुछ दिनों पहले हुई बहुचर्चित नवीन ज्वेलर्स डकैती कांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार देर रात कोंच कोतवाली पुलिस और एसओजी (विशेष ऑपरेशन ग्रुप), क्राइम ब्रांच, कैलिया थाना पुलिस और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने डकैती में शामिल बदमाशों को घुसिया से पहाड़गांव जाने वाली नहर पट्टी पर घेर लिया। इस दौरान दोनों ओर से भारी फायरिंग हुई, जिसमें तीन बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गए।

बता दे कि पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉक्टर दुर्गेश कुमार के निर्देश पर सोमवार रात 9 बजे से 12 बजे तक जिले भर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में कैलिया थाना प्रभारी अतुल परिहार को तीन संदिग्ध बाइक सवार नजर आए, जिन्हें रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भाग निकले। उन्होंने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद आसपास की टीमों को अलर्ट कर बदमाशों की घेराबंदी की गई।

जिसके बाद कोंच कोतवाली क्षेत्र की पहाड़गांव जाने वाली नहर पटरी पर घेराबंदी के दौरान जब पुलिस ने बदमाशों को रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। कुछ ही देर बाद जब फायरिंग रुकी, तो तीन बदमाश घायल अवस्था में पाए गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक पूछताछ में इन बदमाशों ने अपने नाम राजवीर गोस्वामी, रामेंद्र उर्फ रामु पाल, और रानू बताया। तीनों झांसी जनपद के समथर थाना क्षेत्र के करहई इलाके के रहने वाले हैं।

घायल बदमाशों ने कबूल किया कि 15 तारीख को कोंच स्थित नवीन ज्वेलर्स की दुकान में हुई डकैती में वे तीनों शामिल थे। उनके साथ तीन अन्य साथी भी इस वारदात में शामिल थे, जिनके नाम भी पुलिस को बता दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, बदमाशों के पास से डकैती में लूटी गई कुछ चांदी के सामान, जिनमें एक सिंहासन और अन्य आभूषण शामिल हैं, बरामद हुए हैं।

बदमाश लूटी गई सामग्री का निपटान करने के लिए जा रहे थे, क्योंकि पुलिस की सख्ती के चलते कोई खरीदार सामने नहीं आ रहा था। इसी दौरान वे पुलिस की नजर में आ गए और मुठभेड़ हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी डॉक्टर दुर्गेश कुमार स्वयं फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में घायल बदमाश फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं हैं, लेकिन उनके ठीक होने के बाद विस्तृत पूछताछ की जाएगी। इससे डकैती की योजना, अपराधियों का नेटवर्क और पूर्व की अन्य घटनाओं के संबंध में भी अहम जानकारियां मिल सकेंगी।

एसपी डॉक्टर दुर्गेश कुमार ने बताया कि इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम को उनकी ओर से 25,000 हजार रुपए का इनाम दिया जा रहा है। पुलिस अब तीन अन्य फरार बदमाशों की तलाश में तेजी से जुट गई है।

कोंच में हुई यह मुठभेड़ न सिर्फ नवीन ज्वेलर्स डकैती कांड के खुलासे की दिशा में बड़ी सफलता है, बल्कि जिले में अपराधियों के मन में पुलिस का डर कायम करने वाला भी साबित हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह को बेनकाब कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!