जालौन के कोंच नगर में बने जीपीएस नर्सिंग होम की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां सही से इलाज न मिलने के कारण प्रसव पीड़िता और उसके पेट में पल रहे बच्चे की हालत बिगड़ गई, जिसे देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने आनन फानन में हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। जिस पर परिजनों ने जीपीएस अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की, जिसका संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी, साथ ही महिला के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामला कोंच कोतवाली क्षेत्र के उरई रोड़ स्थित जेपीएस नर्सिंग होम का है। यहां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गोरा करनपुर के रहने वाले मंगल सिंह की 30 वर्षीय पत्नी सुमन देवी गर्भवती थी, शुक्रवार को उसे प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद उसके परिजन कोंच नगर में उरई रोड़ पर संचालित होने वाले जेपीएस नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। जहां पर मौजूद डा. जितेंद्र ने महिला सुमन को भर्ती करा लिया। शाम छह बजे के लगभग सुमन की हालत बिगड़ी तो वहां के स्टाफ ने अस्पताल में एडमिट कराने के पांच हजार रुपए जमा कराने के बाद उसकी हालत बिगड़ते देख उसे उरई जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जब शाम को मंगल सिंह अपनी पत्नी सुमन को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा, लेकिन उसकी हालत बिगड़ चुकी थी।
जहां पर तैनात चिकित्सक ने बताया कि उसके पेट में बच्चे की मौत हो चुके है और पूरे पेट में संक्रमण फैल गया है, इसके बाद जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने महिला को मेडिकल कालेज झांसी के लिए रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही रात के वक्त महिला सुमन की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे घर में मातम छा गया।
इस घटना के बारे में मृतक की परिजनों का कहना है कि जीपीएस अस्पताल की लापरवाही के कारण सुमन की मौत हुई है, पहले अस्पताल प्रशासन अच्छे से डिलीवरी करने की बात कहता रहा, बाद में जब हालत बिगड़ी तो उसे रेफर कर दिया, जहां सुमन की रास्ते में मौत हो गई, अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से ही यह मौत हुई है। वही मृतिका सुमन के 10 वर्षीय पुत्री रोशनी, छह वर्षीय पुत्री खुशी व ढाई वर्ष की पुत्री चाहत है, जिनका रो रोकर बुरा हाल है।
वही इस मामले में कोंच सीओ अर्चना सिंह ने बताया कि ग्राम गोरा करनपुर निवासी गर्भवती महिला की मौत हो गई है। मेडिकल कालेज झांसी रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में मौत हुई है। पूरे मामले की जांच कराकर परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।





