दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार देर शाम जालौन मुख्यालय उरई में प्रदर्शन हुआ। सपा कार्यकर्ताओं ने गांधी चबूतरे पर धरना-प्रदर्शन किया।
सपा जिलाध्यक्ष दीपराज सिंह गुर्जर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता गांधी चबूतरे पर एकत्र हुए। उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव की तत्काल रिहाई की मांग उठाई।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन किया जा रहा है।
सपा जिलाध्यक्ष दीपराज सिंह गुर्जर ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को रिहा नहीं किया जाता, तब तक पार्टी कार्यकर्ता गांधी चबूतरे पर धरना जारी रखेंगे। आवश्यकता पड़ने पर वे पूरी रात भी धरने पर बैठे रहेंगे।
धरने के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंडे लेकर जोरदार नारेबाजी की तथा सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। मौके पर पुलिस बल भी मौजूद रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखी। यह प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने के प्रयास स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने अखिलेश यादव को तत्काल रिहा करने और लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की। देर शाम तक गांधी चबूतरे पर कार्यकर्ताओं का धरना जारी रहा।




