झांसी से कानपुर लौट रहे उरई में निर्माण कार्य कर रहे मजदूरों से भरी एक इनोवा हाईक्रॉस कार मंगलवार रात करीब 8 बजे दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। हादसा कानपुर देहात जनपद के झांसी-कानपुर मार्ग पर जैन वर्ल्ड स्कूल के पास नायरा पेट्रोल पंप अकबरपुर के सामने तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी लोहे की रेलिंग से टकरा गई। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहे ठेकेदार घायल हो गए। तीन अन्य सवार सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब आठ बजे कानपुर देहात की अकबरपुर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि इनोवा हाईक्रॉस (UP78 JF 2097) झांसी से कानपुर की ओर जा रही थी। जैन वर्ल्ड स्कूल के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा टकराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में सुनील (38) पुत्र टैलर कुशवाहा, निवासी डंडी वाड़ी, गंगा बैराज के पास, थाना नवाबगंज, कानपुर नगर तथा अजय कुमार (35) पुत्र राम सिंह, निवासी 3ए/5 पहलवान पुरवा, थाना नवाबगंज, कानपुर नगर की मौके पर ही मौत हो गई।
कार चला रहे सत्येंद्र सिंह पुत्र लालता सिंह, निवासी दादानगर, थाना गोविंद नगर, कानपुर नगर घायल हो गए। वहीं विशाल पुत्र श्रीचंद और राजेश हादसे में सुरक्षित बच गए। सभी घायलों और मृतकों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल अकबरपुर भेजा गया।
बताया गया कि सत्येंद्र सिंह ठेकेदारी का कार्य करते हैं। उन्होंने उरई में सूर्यांश मोटर्स के संचालक शरद माहेश्वरी के निर्माणाधीन मकान में पत्थर लगाने, कांच के दरवाजे-खिड़कियां लगाने तथा पेंटिंग का ठेका लिया था। मृतक और घायल सभी उसी निर्माण कार्य में लगे मजदूर थे। इनमें सुनील पत्थर लगाने का काम करता था, अजय पेंटर था, जबकि विशाल कांच लगाने का कार्य करता है।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग मंगलवार शाम करीब पांच बजे उरई से कानपुर के लिए निकले थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि रास्ते में अचानक कोई जानवर वाहन के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर मार्ग पर यातायात सामान्य करा दिया गया।
इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। उरई में साथ काम करने वाले मजदूरों और स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






