Thursday, July 2, 2026
spot_img

घर के बाहर सो रही महिला की सिर कुचलकर हत्या, रामपुरा के जायघा गांव में सनसनी

spot_img

जालौन के रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम जायघा में बुधवार रात एक हृदयविदारक वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। घर के बाहर चारपाई पर सो रही 50 वर्षीय महिला की अज्ञात हमलावर ने सिर पर किसी भारी वस्तु से कई वार कर निर्मम हत्या कर दी। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार ग्राम जायघा निवासी मीना देवी (50 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय कल्लू सिंह राजावत, घर में अकेली रहती थीं। उनके दोनों पुत्र देवेंद्र सिंह (30 वर्ष) और विकेश सिंह (25 वर्ष) गुजरात के अंकलेश्वर में पत्थर एवं टाइल्स लगाने का कार्य करते हैं। बुधवार रात मीना देवी घर के बाहर चारपाई पर सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने उनके सिर पर किसी भारी हथियार या वस्तु से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सिर पर गंभीर चोट लगने से घटनास्थल पर काफी मात्रा में रक्त फैल गया।

गुरुवार देर सुबह जब पड़ोसियों ने उन्हें लंबे समय तक एक ही अवस्था में पड़े देखा तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। पास जाकर देखने पर महिला मृत मिलीं। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल रामपुरा थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अंबुज यादव, थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक रमाशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मृतका के देवर रूपेंद्र सिंह उर्फ लला, पुत्र छोटे सिंह, से सूचना संबंधी प्रार्थना पत्र प्राप्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि मृतका के बड़े पुत्र देवेंद्र सिंह से दूरभाष पर संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि वह अंकलेश्वर (गुजरात) से गांव के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके गांव पहुंचने के बाद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और अज्ञात हमलावर की पहचान के लिए ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। आसपास के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। इस निर्मम हत्या के बाद पूरे जायघा गांव में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Stay Connected

0FansLike
3,912FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
error: Content is protected !!