जालौन जनपद के उरई कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह 8 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कुईया रोड स्थित राधा कृष्ण किड्स एकेडमी के बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूल वैन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक स्कूली बच्चे घायल हो गए, जिन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज उरई एवं निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार सभी घायल बच्चे ग्राम धमना के निवासी हैं और प्रतिदिन की तरह स्कूल वैन से उरई स्थित राधा कृष्ण पब्लिक स्कूल पढ़ने जा रहे थे। जैसे ही वैन कुइया रोड पर धमना गांव के पास पहुंची, चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते वैन सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि बच्चों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
दुर्घटना में घायल छात्रों में वेदांश, दिव्या और दीपांजलि सहित कई बच्चे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी कक्षा सात के छात्र-छात्राएं हैं। हादसे के बाद राहगीरों और ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
अस्पताल में भर्ती बच्चों का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश बच्चों को चोटें आई हैं और उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इस हादसे ने एक बार फिर स्कूली वाहनों की सुरक्षा और उनकी नियमित जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों ने प्रशासन से स्कूल वाहनों की फिटनेस, चालकों की योग्यता और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




