जालौन जिले के गोहन थाना क्षेत्र के ग्राम पृथ्वीपुरा में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। खेत पर बने अपने ट्यूबवेल पर सो रहे 75 वर्षीय वृद्ध किसान की अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाते हुए जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गिरिजाशंकर तिवारी (75 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक वह पिछले कई वर्षों से अपने खेत पर बने ट्यूबवेल पर ही रात में सोते थे। रविवार रात भी वह रोज की तरह खेत पर सोने गए थे। देर रात अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके सिर और चेहरे पर लकड़ी के खंभे जैसी भारी वस्तु से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सोमवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो वृद्ध का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गोहन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक अपने पीछे एक पुत्र राकेश तिवारी और एक विवाहित पुत्री को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।
इस मामले में सीओ माधौगढ़ अम्बुज यादव का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अज्ञात हत्यारोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।





