जालौन के कुठौंद थाने में इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय हत्याकांड मामले में जमानत पर जेल से बाहर आईं महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश हुईं। सुनवाई के दौरान मीनाक्षी गुलाबी रंग का मास्क लगाए रहीं और अधिकांश समय हाथ बांधकर खड़ी नजर आईं। अदालत में मुकदमा वादी एवं इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय की पत्नी माया राय से मीनाक्षी के अधिवक्ता शिवेश सिंह सेंगर ने साक्ष्यों को लेकर जिरह की।
बताया गया कि दोपहर करीब 12:30 बजे अदालत में मामले की पुकार हुई, लेकिन उस समय मीनाक्षी न्यायालय में मौजूद नहीं थीं। उनके अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि वह रास्ते में हैं और जल्द पहुंच रही हैं। करीब 15 मिनट बाद मीनाक्षी न्यायालय पहुंचीं, जिसके बाद कार्यवाही आगे बढ़ी और माया राय से जिरह शुरू हुई।
अदालत में दो चरणों में हुई जिरह के दौरान दोपहर 12:45 बजे से 1:39 बजे तक सवाल-जवाब हुए। लंच के बाद दोपहर करीब 2:10 बजे दोबारा जिरह शुरू हुई, जो करीब 3:10 बजे तक चली। इस तरह लंच से पहले और बाद में करीब एक घंटे 54 मिनट तक माया राय से जिरह की गई।
जिरह के दौरान मीनाक्षी लगातार चेहरे पर गुलाबी मास्क लगाए रहीं। बताया गया कि वह अपनी पहचान छिपाए रखने के लिए मास्क लगाए हुए थीं। बीच-बीच में उन्होंने पानी की मांग भी की। इस दौरान उनके चेहरे के हाव-भाव में भी बदलाव नजर आया। अदालत परिसर में उनके पिता और भाई भी मौजूद रहे।
जिरह के दौरान मीनाक्षी के अधिवक्ता की ओर से माया राय से उनकी जालौन में पोस्टिंग के दौरान इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय के साथ रहने और उनसे जुड़े घटनाक्रम को लेकर सवाल किए गए। माया राय ने पूछे गए सवालों का जवाब दिया। अधिवक्ता की ओर से फोटो के रूप में साक्ष्य के संबंध में भी सवाल किया गया, जिस पर माया राय ने बताया कि उनके पास फोटो मौजूद हैं।
जिरह के दौरान एक ही सवाल को अलग-अलग तरीके से दोहराए जाने पर माया राय ने अदालत के समक्ष आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि एक ही सवाल को बार-बार घुमा-फिराकर पूछा जा रहा है। इस पर जिला एवं सत्र न्यायालय के न्यायाधीश विरजेंद्र कुमार सिंह ने भी मीनाक्षी के अधिवक्ता को एक ही सवाल बार-बार नहीं पूछने की बात कही।
सुनवाई के दौरान अदालत में मामले से जुड़े अधिवक्ता और परिजन मौजूद रहे। हत्याकांड की न्यायिक प्रक्रिया के तहत पहले गवाह की गवाही हो चुकी है। अब अगली सुनवाई में दूसरे गवाह को अदालत में पेश किए जाने की बात सामने आई है।
मामले में अगली सुनवाई की तारीख 29 अगस्त निर्धारित की गई है। अब इस तारीख पर दूसरे गवाह की गवाही और उससे संबंधित न्यायिक कार्यवाही पर निगाह रहेगी। मामले की सुनवाई के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की न्यायिक प्रक्रिया जारी रहेगी।






